तिरंगा ध्वज को देश की शान सभी मानते हैं लेकिन तिरंगा बाइक रैली और अभियान पर राजनीति हुई तेज़

National News Politics Social News

नई दिल्ली (क़ौमी आगाज़ ब्यूरो )
जैसे जैसे स्वतंत्रता दिवस निकट आ रहा है वैसे वैसे हर घर तिरंगा लगाने का अभियान तेज़ी पकड़ रहा है लेकिन साथ ही साथ इस मामले में राजनीति भी शुरू हो गयी है और जब भाजपा के सांसद बाइक तिरंगा रैली निकाल रहे थे तब विपक्षी सांसदों ने इसमें भाग नहीं लिया और आरोप लगाया कि इस अभियान से भाजपा राजनीति कर रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि देश की शान है, हमारा तिरंगा हर हिंदुस्तानी के दिल में है।
ज्ञात रहे कि केंद्र सरकार भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाने की तैयारी कर रही है। इसके अंतर्गत सभी राज्यों में 13 अगस्त से 15 अगस्त के बीच हर घर पर ‘तिरंगा’ फहराया जाएगा। वहीं आज भाजपा के सांसदों ने बाइक तिरंगा रैली निकाली। इस रैली में सरकार के कई बड़े मंत्री भी शामिल हुए। लेकिन इस रैली को लेकर राजनीति उस समय तेज़ हो गई जब इसमें विपक्ष का कोई नेता शामिल नहीं हुआ। केंद्र सरकार ने विपक्ष के इस फैसले पर हमला बोला है। सरकार का कहना है कि हमने आह्वान किया था कि इस रैली में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के सांसद शामिल हों लेकिन विपक्ष का एक भी नेता शामिल नहीं हुआ। सरकार ने कहा कि तिरंगा पूरे देश का है इसलिए इसमें राजनीति करना कहां तक सही है।
वहीं सरकार के आरोप पर कई सांसदों ने कहा कि हमें नहीं बुलाया गया फिर हम कैसे शामिल होते। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तिरंगा के साथ पंडित जवाहर लाल नेहरू की तस्वीर को ट्वीट करते हुए लिखा कि देश की शान है, हमारा तिरंगा हर हिंदुस्तानी के दिल में है, हमारा तिरंगा। कांग्रेस ने पीएम मोदी द्वारा लोगों से अपने सोशल मीडिया अकाउंट की प्रोफाइल तस्वीर के रूप में ‘तिरंगा’ लगाने का अनुरोध किए जाने की पृष्ठभूमि में कहा कि उसके नेता देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की हाथ में तिरंगा वाली तस्वीर की डीपी (डिस्प्ले पिक्चर) लगाएंगे। कांग्रेस पार्टी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधते सवाल उठाया कि जिन्होंने अपने मुख्यालय पर आज़ादी के बाद 52 साल तक तिरंगा नहीं फहराया, क्या वे प्रधानमंत्री की बात मानेंगे? कांग्रेस पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया कि वर्ष 1929 के लाहौर अधिवेशन में रावी नदी के तट पर झंडा फहराते हुए पंडित नेहरू ने कहा था एक बार फिर आपको याद रखना है कि अब यह झंडा फहरा दिया गया है। जब तक एक भी हिंदुस्तानी मर्द, औरत, बच्चा जिंदा है, यह तिरंगा झुकना नहीं चाहिए। देशवासियों ने ऐसा ही किया। उन्होंने कहा कि हम हाथ में तिरंगा लिए अपने नेता नेहरू की डीपी लगा रहे हैं। लेकिन लगता है प्रधानमंत्री का संदेश उनके परिवार तक ही नहीं पहुंचा। जिन्होंने 52 वर्षों तक नागपुर में अपने मुख्यालय में झंडा नहीं फहराया, वे क्या प्रधानमंत्री की बात मानेंगे? कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार प्रमुख पवन खेड़ा ने आरएसएस और इसके प्रमुख मोहन भागवत के ट्विटर प्रोफाइल के स्क्रीन शॉट साझा करते हुए कहा कि संघ वालों, अब तो तिरंगे को अपना लो।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित केंद्र की सत्ताधारी पार्टी के अन्य नेताओं ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट की ‘डिस्प्ले’ तस्वीर पर मंगलवार को ‘तिरंगा’ लगाया और लोगों से भी ऐसा करने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *