नीतीश ने साधा निशाना कि 2024 में हम रहें या न रहें लेकिन 2014 वाले नहीं रहेंगे

National News Politics

पटना (क़ौमी आगाज़ ब्यूरो)
बिहार के 8वें मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार ने एक बार फिर शपथ ले ली है। शपथ ग्रहण के बाद नीतीश कुमार मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिए बिना उन पर सीधा निशाना साधते हुए कहा, 2024 में हम रहें या न रहें लेकिन 2014 वाले नही रहेंगे। प्रधानमंत्री पद की दावेदारी पर नीतीश कुमार ने कहा, मेरी कोई दावेदारी नहीं है। हमने जो भी निर्णय लिया है, अपने पार्टियों के साथियों के साथ लिया है। हालांकि, उन्होंने यह जरूर कहा कि हम निश्चित तौर पर विपक्ष को मजबूत करेंगे। नीतीश कुमार ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा पर भी इशारों में निशाना साधा। कहा, जिनको लगता है विपक्ष खत्म हो जाएगा, तो हम लोग तो आ ही गए हैं विपक्ष में। दरअसल, बीते दिनों बिहार में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते करते हुए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा था कि देश में क्षेत्रीय पार्टियां खत्म हो रही हैं। जो खत्म नहीं हुई हैं, हो जाएंगी। सिर्फ भाजपा ही बचेगी। वहीं मंत्रियों के शपथ ग्रहण पर नीतीश कुमार ने कहा कि हमारी सरकार बन गई है। शपथ भी हो गई। बाकी मंत्रियों के बारे में जल्द ही निर्णय लेकर शपथ ग्रहण कराई जाएगी।नीतीश कुमार ने कहा, हमारी पार्टी के लोगों से पूछ लीजिए की क्या सबकी स्थिति हुई। मैं 2020 में मुख्यमंत्री बनना नहीं चाहता था, लेकिन मुझ पर दबाव बनाया गया कि आप संभालिए। बाद के दिनों में जो कुछ भी हो रहा था, सब देख रहे थे। हमारी पार्टी के लोगों के कहने पर हम अलग हुए। उन्होंने कहा, बीते डेढ़ महीने से हम कोई बातचीत नहीं कर रहे थे। हमारे साथ गलत हो रहा था। नीतीश कुमार ने कहा कि 2020 के चुनाव में जदयू के साथ कैसा बर्ताव हुआ था। हमारा भाजपा के साथ जाने से नुकसान हुआ था।
वहीं, इस मौके पर राबड़ी देवी ने कहा कि बिहार की जनता के लिए बहत अच्छा हुआ है। हम सभी को धन्यवाद व शुभकामना देते हैं। उन्होंने कहा, इस फैसले से हर कोई खुश है। सबसे बड़ी बात बिहार की जनता खुश है। इसके अलावा राजद नेता तेज प्रताप यादव ने कहा कि हम युवाओं के लिए काम करने के लिए सरकार में आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *