बिहार राजनीति पर कांग्रेस नेता नासिर हुसैन ने कहा कि भाजपा को मिला उसके कर्मों का फल

News National Politics

नई दिल्ली (क़ौमी आगाज़ ब्यूरो)
बिहार में बदलते राजनीतिक वातावरण के बीच कांग्रेस ने भाजपा पर व्यंग किया है। कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद नासिर हुसैन ने कहा कि भाजपा को उसके कर्मा का फल मिल रहा है। नासिर हुसैन ने कहा कि उन्होंने जो बोया है वही काटा है। बिहार में एनडीए की टूट की खबरों के बीच उन्होंने कहा कि भाजपा ने महाराष्ट्र में जो किया उसका फल उसे अब मिलने लगा है। नासिर हुसैन का इशारा एकनाथ शिंदे की बगावत की तरफ था।
ज्ञात रहे कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा से दूरी बना ली है और वह आरजेडी के साथ मिलकर बिहार में नई सरकार बनाने जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार आज राज्यपाल फागू चौहान से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। नासिर हुसैन ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव के परिणामों के साथ छेड़खानी की गई थी। इसके बाद से ही वहां पर परेशानियां और मुसीबतें शुरू हो गई। यह बात तो तय थी कि यह बहुत दिनों तक नहीं चलने वाला है। नासिर हुसैन ने कहा कि यह प्रकृति का नियम है। उन्होंने कहा है कि भाजपा ने महाराष्ट्र में जो एमवीए सरकार के साथ किया, अब वही उनके साथ और सामने आ रहा है। जो आप बोते हैं, वही काटते हैं। बता दें कि आज बिहार में जदयू के सांसदों और विधायकों की बैठक हुई है। वहीं आरजेडी के विधायकों की भी बैठक हुई है। इसके बाद नीतीश कुमार, राबड़ी देवी के आवास पर उनसे मिलने पहुंचे, जहां पर कांग्रेस और वाममोर्चा के नेता भी मौजूद रहे। बताया जाता है कि यहीं से सभी नेता राज्यपाल से मिलने जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *