तिरंगा रैली में गाय ने टक्कर मारकर गुजरात के पूर्व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल को किया घायल

News National Politics

अहमदाबाद (क़ौमी आगाज़ ब्यूरो)
गुजरात में तिरंगा रैली के दौरान एक गाय को पता नहीं क्या सूझी कि उसने टक्कर मारकर यहां के पूर्व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल को घायल कर दिया है। महेसाणा जिले के कड़ी शहर में शनिवार सुबह तिरंगा रैली में एक गाय जिसे आवारा गाय बताया जा रहा है अचानक ही रैली में आ घुसी थी और उसने पटेल को टक्कर मार दी थी। पटेल के घुटनों में चोट आई है। उन्हें कड़ी के सरकारी अस्पताल भाग्योदय ले जाया गया लेकिन बाद में बेहतर इलाज के लिए अहमदाबाद शिफ्ट किया गया है। प्राप्त समाचार के अनुसार शनिवार की सुबह भाजपा की इस रैली में एक गाय बेकाबू होकर सीधे भीड़ में आ घुसी थी। उसकी टक्कर से नितिन पटेल ज़मीन पर गिर गए और उनके दाहिने घुटने में चोट लग गई। भाजपा कार्यकर्ता उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने बताया है कि उनकी चोट गंभीर नहीं है। उस गाय का क्या हुआ ये पता नहीं चल सका लेकिन बताया जा रहा है कि आवारा पशुओं के कारण महेसाणा में लगातार लोग घायल हो रहें हैं, जबकि कुछ की इनकी वजह से मौत तक हो चुकी है। पिछले दिनों ही दो बैलों के टक्कर से तीन बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बावजूद नगर पालिका आवारा पशुओं को हटाने के लिए कोई ठोस योजना नहीं बना सकी है। पशु मालिकों के खिलाफ शिकायतें दर्ज होती हैं, लेकिन उसके बाद भी हालात नहीं बदलते। भारत सरकार के पशुपालन और डेयरी विभाग के अनुसार 2012 में गुजरात में आवारा पशुओं की संख्या 2.92 लाख थी, जो 2019 में बढ़कर 3.43 लाख हो गई। इस तरह 7 साल में आवारा पशुओं की संख्या में 10% से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है।
गोऊ माता ने ऐसा क्यों किया इसका भी पता नहीं लगाया जा सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *